नई दिल्ली : महंगाई से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की वृद्धि कर दी गई है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।



गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पूर्व मार्च माह में सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्गीय एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर…..
उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका-ईरान विवाद तथा अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के कारण LPG की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। समुद्री आपूर्ति मार्गों पर बढ़ते जोखिम का असर भी भारतीय बाजार पर पड़ रहा है।
जानकारों का कहना है कि मार्च में मूल्य वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू LPG की बिक्री पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले कंपनियों को प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये तक का घाटा हो रहा था।
पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम भी बढ़े…..
रसोई गैस के अलावा अन्य ईंधनों की कीमतों में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं CNG की कीमतों में भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है।
घरेलू बजट पर बढ़ेगा दबाव….
आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ेगा। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और CNG महंगे होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
सोशल मीडिया पर नाराजगी….
गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताते हुए सरकार और तेल कंपनियों से राहत देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पहले से महंगी हो चुकी सब्जियों और ईंधन के बीच अब रसोई गैस के दाम बढ़ने से घरेलू खर्च और अधिक प्रभावित होगा।



