जमशेदपुर : संत प्रवर विज्ञान देव महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर विहंगम योग टाटा संत समाज एवं आदित्यपुर संत समाज के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 102 यूनिट रक्तदान किया। इस आयोजन के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का संदेश दिया गया. विहंगम योग संत समाज की ओर से संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज के जन्मोत्सव पर प्रत्येक वर्ष रक्तदान सेवा अभियान आयोजित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान देना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
### रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित……
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना की गई। उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए च्यवनप्राश एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय रक्त किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
### आध्यात्मिक साधना के साथ मानव सेवा पर जोर……
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विहंगम योग की आध्यात्मिक परंपरा में मानव कल्याण, परोपकार और सेवा भावना को विशेष महत्व दिया जाता है। संत प्रवर श्री विज्ञान देव जी महाराज के जन्मोत्सव पर रक्तदान शिविर का आयोजन इसी भावना का प्रतीक है। आध्यात्मिक चेतना को सामाजिक सेवा से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
### कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित……
शिविर में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर एवं हॉकी सरायकेला के जिला सचिव अमित मोदक, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, नगीना सिंह, डॉ. डीपी शुक्ला, कन्हैया लाल अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंह देव, अंतरराष्ट्रीय खो-खो कोच अखिलेश्वर प्रसाद, खो-खो के राष्ट्रीय रेफरी सुरेश नारायण चौधरी, प्रणय रॉय, विश्व हिंदू परिषद की प्रांत बाल संस्कार प्रमुख सविता कुमारी, जमशेदपुर महानगर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री चंद्रिका भगत, कांग्रेस नेता रायिस रिजवी, जुगसलाई नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान, रेड क्रॉस के वाइस पैट्रन डीके घोष, टाटा संत समाज के समन्वयक नीरज मिश्रा, रवि सिंह, निशांत शर्मा, मुकेश तिवारी एवं शंभू पंडित सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. रक्तदान शिविर के सफल आयोजन से जुड़े सभी लोगों ने इस सेवा अभियान को मानव कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


