जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल में बीते दिनों हुई फायरिंग की घटना के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने शूटरों को एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी दी थी और वारदात को अंजाम देने के लिए रकम के साथ-साथ अन्य संसाधनों की भी व्यवस्था की गई थी. जेल भेजे गए आरोपियों में सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा, परसुडीह निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज कुमार सरकार और दीपू कुमार ओझा शामिल हैं।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों ने डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसके लिए शूटरों को 25 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार समेत अन्य जरूरी सामानों की व्यवस्था भी की गई थी।
वारदात के बाद शहर छोड़कर भाग गए थे आरोपी…….
पुलिस के मुताबिक, बिंदल मॉल में फायरिंग की घटना को अंजाम दिए जाने के बाद मामले में शामिल आरोपी शहर से फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान घटना के पीछे की साजिश और आरोपियों की भूमिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों और शूटरों की भूमिका की भी जांच कर रही है,. बिंदल मॉल फायरिंग कांड में चार मुख्य साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
