जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के एन रोड में शनिवार दोपहर शातिर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक महिला को अपने झांसे में लिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठगकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम रोड स्थित अपने क्वार्टर में रहने वाली प्रकाश कौर शनिवार दोपहर पैदल एन रोड से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उन्हें रोककर कहा कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। महिला जब उसके पास पहुंची तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि बिष्टुपुर क्षेत्र में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और ऐसे माहौल में सोने के गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।
इसी बीच एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और कथित पुलिसकर्मी पर भरोसा जताने के लिए अपने गले से सोने की चेन निकालकर उसे सौंप दी। दोनों की बातों में आकर प्रकाश कौर भी आश्वस्त हो गईं और उन्होंने अपने हाथों से सोने के कंगन तथा अंगूठी उतार दी।
इसके बाद कथित पुलिसकर्मी ने एक कागज निकालकर गहनों को उसमें लपेटकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। बातचीत के दौरान उसने बड़ी सफाई से कागज बदल दिया और असली गहने लेकर मौके से फरार हो गया। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कुछ दूर जाने के बाद जब प्रकाश कौर ने कागज खोलकर देखा तो उसमें नकली गहने रखे हुए थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़िता के पुत्र जगदीप सिंह ने बताया कि ठग करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों की बातों में न आएं तथा स्वयं को पुलिसकर्मी बताने वाले किसी भी व्यक्ति पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



