जमशेदपुर : शहर के मानगो बस स्टैंड में रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के अंदर की बताई जा रही है, जहां एक बस की चपेट में आने से व्यक्ति का सिर कुचल गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, “शंकर पार्वती” नामक बस बस स्टैंड परिसर में खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक व्यक्ति बस के नीचे सोया हुआ था, जिसकी जानकारी बस चालक को नहीं थी। इसी दौरान चालक ने बस को आगे बढ़ाया, जिससे बस का टायर सीधे उस व्यक्ति के सिर पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।



घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों के बीच मृतक को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जबकि कुछ लोग उसे संबंधित बस का खलासी बता रहे हैं। हालांकि, पुलिस या अन्य किसी जिम्मेदार व्यक्ति की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को भी जब्त कर थाना ले जाया गया है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ यह पता लगाया जा रहा है कि वह बस के नीचे कैसे पहुंचा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. यह हादसा बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं वाहनों के संचालन से पहले आवश्यक सतर्कता बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग की है।



