पुरुलिया : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। प्रेमिका की कथित हत्या के बाद उसके शव को बोरे में भरकर बाइक से ठिकाने लगाने जा रहे एक युवक को पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बाइक पर बोरे में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित के रूप में हुई है। वह पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के सिलसिले में टामना थाना क्षेत्र स्थित एक मेस में रह रहा था। शनिवार को उसकी प्रेमिका उससे मिलने मेस पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान युवती की हत्या कर दी गई।

बोरे में शव, बाइक से निकला था ठिकाने लगाने…..
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने युवती के शव को बोरे में लपेट दिया। देर रात वह बाइक से शव को ठिकाने लगाने के इरादे से बाघमुंडी-बालरामपुर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस की नाका चेकिंग चल रही थी. पुलिस ने संदेह के आधार पर बाइक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरे में शव बरामद होते ही पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने तत्काल आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कई वर्षों से था प्रेम संबंध, विवाद बना हत्या की वजह?…..
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे। पुलिस को आशंका है कि प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच चल रहे विवाद और तनाव के कारण वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि हत्या की असली वजह क्या थी और वारदात के पीछे कोई अन्य कारण या व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
पूरी कहानी जानने के लिए पुलिस रिमांड की मांग…..
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या कैसे और किस परिस्थिति में हुई तथा शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने क्या योजना बनाई थी. फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने पुरुलिया में प्रेम संबंधों के विवाद और उससे जुड़े अपराधों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
