बरेली (उत्तर प्रदेश): आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से मुस्लिम समाज की सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक समस्याओं को लेकर ‘मुस्लिम संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचे पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य सह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऑब्जर्वर काशिफ रजा का पार्टी की बरेली इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया. इस अवसर पर मुस्लिम समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की बुनियादी समस्याओं, रोजगार, रोजी-रोटी, कारोबार, आर्थिक स्थिति, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को समझना है।
पार्टी की इस पहल के तहत मुस्लिम समाज के छोटे-बड़े कारोबारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सुना जाएगा। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए संभावित उपायों और ठोस पहल पर विचार-विमर्श किया जाएगा. पार्टी का कहना है कि ‘मुस्लिम संवाद’ का उद्देश्य केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उन्हें गंभीरता से समझकर उनके समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास करना है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अपनी बात रखने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।




