जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगाझरी स्थित मुख्य सड़क पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शंकरपुर निवासी सुमित मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी कारणवश सुमित मुंडा एक हाइवा वाहन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. युवक की मौत से नाराज लोगों ने हाइवा को रोककर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।



