जमशेदपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित फ्लैटों की चाबी का लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक एवं पूर्व मंत्री सरयू राय के प्रयासों से अब लाभार्थियों को जल्द ही उनके आवास की चाबी मिलने का रास्ता साफ हो गया है. सरयू राय ने बताया कि नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दूरभाष पर उन्हें जानकारी दी है कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 19 जून को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों की चाबी लाभार्थियों के बीच वितरित की जाएगी।



फ्लैट आवंटन में हो रही देरी को लेकर लाभार्थियों के बीच लंबे समय से असंतोष व्याप्त था। इस मुद्दे को लेकर कई बार आवाज भी उठाई गई थी। अब नगर विकास मंत्री की ओर से मिली सकारात्मक सूचना के बाद हजारों परिवारों में खुशी का माहौल है. सरयू राय ने बताया कि मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया है कि चाबी वितरण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। इससे लाभार्थियों को समय पर उनका आवास उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों का इंतजार कर रहे परिवारों के लिए यह निर्णय किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। वर्षों से अपने घर का सपना संजोए हजारों परिवार अब अपने नए आशियाने में प्रवेश की तैयारी कर सकेंगे. सरयू राय ने इस निर्णय के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण फैसला है, जिससे हजारों जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।



