रांची : झारखंड सरकार ने गुरुवार शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग तथा परिवहन विभाग में व्यापक तबादला आदेश जारी किया। उत्पाद विभाग में 34 अवर निरीक्षक (उत्पाद), 3 सहायक अवर निरीक्षक (उत्पाद), 21 उत्पाद लिपिक सहित कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। वहीं परिवहन विभाग में भी छह जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) का स्थानांतरण कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अरविंद कुजूर को फिर मिली बोकारो की जिम्मेदारी……
जारी अधिसूचना के अनुसार रामगढ़ में पदस्थापित सहायक आयुक्त (उत्पाद) अरविंद कुजूर का तबादला बोकारो कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि वह इससे पहले भी बोकारो में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दूसरी बार उन्हें बोकारो के सहायक आयुक्त (उत्पाद) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
34 अवर निरीक्षकों सहित कई कर्मियों का तबादला……
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत 34 अवर निरीक्षक (उत्पाद) का स्थानांतरण किया गया है। इनमें रांची, धनबाद, हजारीबाग, बोकारो, दुमका, देवघर, गुमला, रामगढ़, खूंटी, पलामू, गिरिडीह, कोडरमा, सरायकेला-खरसावां, गढ़वा, चतरा, गोड्डा, पाकुड़ समेत कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं. रांची से कई अधिकारियों को हजारीबाग, रामगढ़, गुमला, धनबाद और गढ़वा भेजा गया है, जबकि अन्य जिलों के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सहायक अवर निरीक्षक और उत्पाद लिपिक भी बदले गए…..
विभाग ने 34 अवर निरीक्षकों के अलावा 3 सहायक अवर निरीक्षक (उत्पाद) तथा 21 उत्पाद लिपिकों के भी स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद उत्पाद विभाग के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
परिवहन विभाग में छह डीटीओ की नई तैनाती…….
राज्य सरकार ने परिवहन विभाग में भी छह जिला परिवहन पदाधिकारियों की नई पदस्थापना की है। नई तैनाती इस प्रकार है—
- शंकराचार्य सामद – जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां
- गोपी उरांव – जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा
- कंचन कुमारी भुदेलिया – गोड्डा से स्थानांतरित होकर हजारीबाग
- संतोष कुमार – जिला परिवहन पदाधिकारी, गोड्डा
- दिलीप कुमार – जिला परिवहन पदाधिकारी, चतरा
- महेश्वरी प्रसाद यादव – चतरा से स्थानांतरित होकर पूर्वी सिंहभूम
इसके अलावा गढ़वा के जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश की सेवाएं वापस कार्मिक विभाग को सौंप दी गई हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की पहल…..
सरकार के इस व्यापक तबादला आदेश को विभागीय कार्यों में दक्षता बढ़ाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
मुख्य बिंदु………
- उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला।
- 34 अवर निरीक्षक, 3 सहायक अवर निरीक्षक और 21 उत्पाद लिपिकों की नई पदस्थापना।
- सहायक आयुक्त (उत्पाद) अरविंद कुजूर का रामगढ़ से बोकारो तबादला।
- परिवहन विभाग में छह जिला परिवहन पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी।
- प्रशासनिक दक्षता और व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जारी किए गए आदेश।
