जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में चल रही थी खरीद-बिक्री, 4.93 ग्राम ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद
जमशेदपुर : शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानगो थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 68 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 4.93 ग्राम बताया गया है, और 530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 1 नवंबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाहरनगर रोड नंबर-14 के फॉरेस्ट एरिया में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद मानगो थाना पुलिस ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। रात करीब आठ बजे पुलिस टीम ने एक शेड के पास छापेमारी की। इस दौरान वहां दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमीत सिंह और आनंद राज विद्यार्थी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 68 पुड़िया ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 4.93 ग्राम है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




