जमशेदपुर : डिमना बस्ती में वर्षों से जारी पेयजल संकट को लेकर आज सौरभ विष्णु, अध्यक्ष जन विकास मंच एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। बैठक में लोगों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वर्षों बीत जाने के बावजूद पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। चुनाव के समय सभी प्रत्याशी पानी की समस्या दूर करने का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद जनता की परेशानी जस की तस बनी रहती है। पानी की किल्लत के कारण लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि विशेष रूप से महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
बैठक में उपस्थित लोगों की सहमति से सौरभ विष्णु ने ‘डिमना बस्ती जल विकास समिति’ का गठन किया, ताकि बस्ती में पेयजल संकट को संगठित तरीके से संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष उठाया जा सके।
सौरभ विष्णु ने कहा कि डिमना बस्ती में पानी की समस्या के लिए कहीं न कहीं जनता की एकजुटता की कमी है। यदि लोग बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पानी की समस्या के समाधान के लिए 1,000 लोगों को एकजुट कर जोरदार विरोध किया जाएगा। इसके बावजूद यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापक और जोरदार जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में सुमन शर्मा, बप्पी दत्ता, सनातन टुड्डू ,विजय कुमार, विकास महतो, धनु मांझी, कालीपद गोप, भोलानाथ हांसदा, निर्मल प्रामाणिक, रेखा दत्ता, मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




