जोरहाट (असम)। असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना का एएन-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में बिहार के दो सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार और अग्निवीर वायु दानिश आलम समेत वायुसेना के पांच जवान शहीद हो गए, जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान नियमित उड़ान के बाद जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर उतर रहा था। इसी दौरान अचानक विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे से फिसलकर आगे बढ़ गया। अनियंत्रित विमान एक संरचना से टकरा गया, जिससे वह दो हिस्सों में टूट गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसके कारण नुकसान और बढ़ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना, दमकल एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, दुर्घटना की भयावहता के कारण पांच जवानों को बचाया नहीं जा सका।
हादसे में शहीद जवान…..
दुर्घटना में शहीद होने वालों में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत तथा अग्निवीर वायु दानिश आलम शामिल हैं।
हादसे की खबर सामने आते ही शहीद जवानों के परिवारों और गांवों में मातम पसर गया। बिहार के शुभम कुमार और दानिश आलम की शहादत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। लोगों ने उन्हें देश का गौरव बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूरे देश ने दी श्रद्धांजलि……
सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया। लोगों ने कहा कि देश ने अपने पांच वीर सपूतों को खो दिया है, जिनकी शहादत को सदैव याद रखा जाएगा।
वीरों को राष्ट्र का नमन……
मातृभूमि की सेवा और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन पांचों वीर जवानों की शहादत को राष्ट्र हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा। देशभर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।



