जमशेदपुर : शहर के जाने-माने अखबार विक्रेता तिलक दास साहू पिछले कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार हैं और बेहतर इलाज की उम्मीद में अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। बताया जाता है कि तिलक दास साहू को लगातार कफ और तेज बुखार की शिकायत है। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 12 जून 2026 को खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।



सदर अस्पताल में उनके खून, कफ, एचआईवी सहित कई प्रकार की जांच कराई गई। इसके अलावा चेस्ट एक्स-रे भी कराया गया। जांच रिपोर्ट में टीबी और निमोनिया की आशंका जताई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें MGM अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि MGM अस्पताल पहुंचने के बाद भी मरीज को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। डॉक्टरों ने फेफड़ों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए सीटी स्कैन कराने की सलाह दी थी, लेकिन पिछले तीन दिनों से सीटी स्कैन नहीं हो सका है। परिजनों का कहना है कि हर दिन किसी न किसी बहाने जांच को टाल दिया जा रहा है, जिससे मरीज की हालत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चिकित्सक स्वयं सीटी स्कैन को जरूरी बता रहे हैं तो आखिर जांच कराने में देरी क्यों हो रही है? यदि मरीज के इलाज में किसी महत्वपूर्ण जांच को लगातार टाला जाता है तो इसका सीधा असर उसके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावों के बीच यह मामला व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
तिलक दास साहू वर्षों से अखबार वितरण के कार्य से जुड़े हुए हैं और प्रतिदिन लोगों तक खबरें पहुंचाने का काम करते रहे हैं। आज जब वे स्वयं बीमारी से जूझ रहे हैं, तब उन्हें समय पर इलाज और जरूरी जांच के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। परिजनों और शुभचिंतकों ने स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल प्रबंधन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सीटी स्कैन कराने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।



