जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे जनबल पर धनबल की जीत करार दिया है। पार्टी का कहना है कि अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने के कारण कांग्रेस उम्मीदवार को पराजय का सामना करना पड़ा. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि चुनाव परिणामों से यह संकेत मिलता है कि महागठबंधन के कुछ सहयोगी दलों, विशेषकर राजद और माले के कुछ विधायकों ने अपेक्षित सहयोग नहीं दिया। इसके कारण कांग्रेस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेस ने कहा कि पार्टी ने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया है और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को मजबूती के साथ समर्थन दिया है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में निराशा है।



पार्टी ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सभी विधायकों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया. प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेगी।



