कोलंबिया : दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया के नारिनो क्षेत्र में एक अवैध सोने की खदान में भूस्खलन होने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने सोमवार को हादसे की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, जीवित बचे लोगों की तलाश का अभियान अब समाप्त कर दिया गया है।

इक्वाडोर की सीमा से सटे नारिनो क्षेत्र में अवैध खनन बड़े पैमाने पर होता है। यहां सक्रिय सशस्त्र समूह सोने के अवैध कारोबार, नशीले पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली जैसी गतिविधियों को नियंत्रित करते हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बचावकर्मी और अन्य लोग खुदाई करने वाली मशीन की मदद से खदान से शव निकालते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद शवों को पास की नदी में मौजूद एक छोटी नाव में रखा जा रहा है।
नारिनो के शांति एवं सुरक्षा सचिव एलेक्स गोंजालेज ने काराकोल नेटवर्क को मृतकों की संशोधित संख्या की पुष्टि की। वहीं, गवर्नर कार्यालय के अनुसार, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और आपराधिक समूहों की मौजूदगी के कारण बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. गवर्नर कार्यालय के एक सूत्र ने बताया कि क्षेत्र के कई समुदायों के पास जोखिम भरे खनन के अलावा आजीविका के सीमित विकल्प हैं। पारंपरिक छोटे स्तर पर होने वाला खनन भी लगभग समाप्त हो चुका है। यह हादसा क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े खतरों और स्थानीय लोगों की आर्थिक मजबूरियों को उजागर करता है।

