जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार, 19 अक्टूबर को सड़क पर एक आपत्तिजनक वस्तु मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस तत्काल हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक (नगर) और सहायक पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय निवासियों से पूछताछ की। जांच में प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई कि उक्त वस्तु को आवारा कुत्ते पास के कचरा निस्तारण स्थल से उठाकर सड़क पर ले आए थे।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की और थाना दैनिकी में इसकी विधिवत प्रविष्टि दर्ज की। पुलिस के अनुसार, तत्काल कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है।
जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और भ्रामक खबरों को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करने से बचें। पुलिस ने लोगों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सौहार्द, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

