जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

दुकान के मालिक रुद्रदेव कुमार वर्मा रविवार दोपहर दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पिछली दीवार टूटी हुई मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीवीआर चोरी होने से आरोपियों की पहचान में चुनौती आ सकती है। पुलिस चोरी गए सामान का ब्योरा जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।

