जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ाबांधा नया रोड पर आज सोमवार 22 जून दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोड़ाबांधा नया रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सुखदेव गोराई (43 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे कालिदास राजुआड़ (62 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल कालिदास राजुआड़ को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दियाइधर, दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घोड़ाबांधा नया रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियंत्रण और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार डंपर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहा है।
