सहरसा : बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित एक गेस्ट हाउस में मंगलवार को छापेमारी कर पुलिस ने एक महिला और छह पुरुषों को हिरासत में लिया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने गेस्ट हाउस के सभी कमरों को सील कर दिया है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गेस्ट हाउस से एक महिला और छह पुरुषों को हिरासत में लिया गया।

छापेमारी दल में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, मुख्यालय डीएसपी कमलेश्वरी प्रसाद सिंह, सदर थाना अध्यक्ष अजय पासवान तथा एसटीएफ की टीम शामिल थी। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गेस्ट हाउस में लंबे समय से कथित रूप से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि संचालक सुबह से शाम तक महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से मोटी रकम वसूलता था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक महिला और छह पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। गेस्ट हाउस के सभी कमरों को सील कर दिया गया है तथा संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय तक कैसे संचालित होती रहीं।

