चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के आसनतलिया स्थित इंदकाटा चौक के समीप चौहान ढाबा में गुरुवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। हैरानी की बात यह रही कि ढाबे में नकदी या कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर अज्ञात युवती फ्रिज में रखा चिकन लेकर फरार हो गई। पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवती चोरी की नीयत से ढाबे में दाखिल हुई। उसने काफी देर तक ढाबे में रखे सामान और नकदी की तलाश की, लेकिन उसे कोई मूल्यवान सामान हाथ नहीं लगा। इसके बाद वह खाली हाथ लौटने के बजाय फ्रिज में रखा चिकन लेकर मौके से फरार हो गई। उसकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
शुक्रवार सुबह ढाबा खोलने पर संचालक जितेंद्र चौहान को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने चक्रधरपुर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवती की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होते ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद आसनतलिया एवं इंदकाटा चौक क्षेत्र के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय चोरी की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

