लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) क्लब में शनिवार देर रात हुए खूनी बवाल के बाद घायल दोनों युवकों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना में गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष सिंह (27) को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर कोलकाता भेजा गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

वहीं हिमांशु सिंह (31) का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) के सीसीयू में चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत बेहद गंभीर है और लगातार निगरानी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार हिमांशु को भी बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर कोलकाता ले जाने की तैयारी की गई थी, लेकिन उसकी अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसे शिफ्ट नहीं किया जा सका।
इधर, इस सनसनीखेज वारदात को लेकर करणी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। संगठन ने पुलिस की कार्यशैली और कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। करणी सेना ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे शहर में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात डबल डाउन क्लब में हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं पूरे शहर की निगाहें दोनों घायलों के स्वास्थ्य और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

