जमशेदपुर : शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप एक महिला दुकानदार से दिनदहाड़े चेन झपटमारी की घटना सामने आई। दो बाइक सवार बदमाश गुटखा खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे और मौका मिलते ही महिला के गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।

पीड़िता गायत्री चंद्रा ने बताया कि वह अपनी किराना दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों करीब 10 मिनट तक दुकान के आसपास घूमते रहे। इसके बाद गुटखा खरीदने के बहाने दुकान पर आए। जैसे ही वह गुटखा निकालने लगीं, एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों बाइक से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
स्नैचर्स के आतंक से दहशत में महिलाएं……
शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने महिलाओं में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले दो महीनों में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक महिलाओं को स्नैचर्स अपना निशाना बना चुके हैं। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने और हाल ही में एक स्नैचर के हाफ एनकाउंटर के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से शहर की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
