जमशेदपुर : डबल डाउन बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार देर रात पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिमांशु सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, पुलिस के बार-बार आग्रह के बावजूद परिजन पोस्टमार्टम हाउस नहीं पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव को वहीं सुरक्षित रखा गया है, जबकि प्रशासन और पुलिस परिजनों को शव लेने के लिए लगातार समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

परिजनों और करनी सेना के सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मुख्य आरोपी का एनकाउंटर नहीं होता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसको देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई थानों की पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
देर रात पहुंचे दोनों जिलों के उपायुक्त…….
देर रात जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी के हटाए जाने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त भी देर रात हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे और परिजनों से पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया। प्रशासन की ओर से दो बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन परिजन सहमत नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद भी पुलिस ने शव ले जाने का अनुरोध किया, लेकिन परिजनों ने इंकार कर दिया। मृतक के पिता अरविंद सिंह का कहना है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और एनकाउंटर के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्य आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम…….
हिमांशु हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसके बारे में सूचना देने वाले के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है। इधर, शहर में संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए जोनल आईजी, कोल्हान डीआईजी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जमशेदपुर में कैंप कर रहे हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। करनी सेना ने आरोपी का एनकाउंटर नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
हत्याकांड के बाद छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई……
गौरतलब है कि इस हत्याकांड के बाद शहर में पुलिस के खिलाफ व्यापक आक्रोश देखने को मिला। प्रारंभिक कार्रवाई में बिष्टुपुर थाना के दो एएसआई राजेश कुमार रंजन और रतन कुमार दास के साथ एक आरक्षी मनोज कुमार को निलंबित किया गया। इसके बाद बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को भी निलंबित कर दिया गया। वहीं देर रात राज्य सरकार ने जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय तथा सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन एसपी निधि द्विवेदी को भी पद से हटा दिया। उल्लेखनीय है कि शनिवार रात डबल डाउन बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

