जमशेदपुर : राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में झारखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की गई है। इस क्रम में आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया गया है, जबकि मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां जिले का पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है।

राज्य सरकार का यह निर्णय ऐसे समय में आया है, जब कोल्हान क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार एवं पुलिस प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। हाल के दिनों में जमशेदपुर में हुई चर्चित आपराधिक घटनाओं के बाद प्रशासनिक स्तर पर सख्ती देखने को मिली, जिसके बाद सरकार ने पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव का फैसला लिया।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, नवपदस्थापित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। सरकार का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से जिलों में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में तेजी आएगी. प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

