जमशेदपुर : ह्यूमन राइट्स मिशन एवं उससे संबद्ध मानवाधिकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपकर हालिया घटनाओं के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाए तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. ज्ञापन में संगठन ने कहा कि जमशेदपुर शांतिप्रिय और सौहार्दपूर्ण शहर है तथा कुछ संगठन शहर की शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों का संगठन विरोध करता है और प्रशासन से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह करता है।

संगठन ने उपायुक्त (डीसी) एवं नवपदस्थापित एसएसपी से अपील की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय के साथ-साथ उचित आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाए. ज्ञापन में जमशेदपुर बंद का भी विरोध करते हुए कहा गया कि बंद से आम नागरिकों, विशेषकर दैनिक मजदूरों और वेतनभोगी कर्मचारियों को सबसे अधिक परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए शांति, कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।

