जमशेदपुर : हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 3 जुलाई को आहूत बंद पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि भाजपा का बंद न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है और अपने एक नेता को बचाने का प्रयास है।

प्रताप कुमार यादव ने कहा कि हिमांशु हत्याकांड अत्यंत संवेदनशील और दुखद आपराधिक घटना है। मामले में राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने शुरुआत से ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच को गति दी है, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मानवीय आधार पर पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जो राज्य में संवेदनशील पहल का उदाहरण है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले में लीपापोती कर रही है और अपने नेता नीरज सिंह को बचाने की कोशिश में राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि बार संचालक नीरज सिंह की भूमिका संदेह के घेरे में है। यदि वह निर्दोष हैं तो उन्हें स्वयं पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को आशंका है कि मुख्य आरोपियों को फोन कर बुलाने में उनकी भूमिका रही है। यदि जांच में यह संदेह सही साबित होता है तो यह जमशेदपुर के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास पर काला धब्बा होगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रताप कुमार यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि किसी भी आपराधिक घटना में पीड़ित परिवार को शीघ्र और निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और कानून के शासन का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि ऐसे मामलों का राजनीतिक लाभ-हानि के लिए इस्तेमाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से शहर की कानून-व्यवस्था प्रभावित रही है और विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम जनजीवन, व्यापार, शिक्षण संस्थानों तथा सरकारी एवं निजी कार्यालयों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में भाजपा द्वारा बंद का आह्वान जनभावना और विकास के विरुद्ध तथा पूरी तरह राजनीतिक रूप से प्रेरित कदम प्रतीत होता है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महागठबंधन सरकार प्रदेश की जनता की सुरक्षा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

