जमशेदपुर/कोलकाता : डीडी बार हत्याकांड में घायल प्रत्यूष आनंद के कोलकाता स्थित अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं जमशेदपुर पश्चिम के पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता देर रात अस्पताल पहुंचे। उनके साथ रांची निवासी मनोज सिंह तथा मानगो निवासी मस्तान सिंह भी मौजूद थे. प्रत्यूष आनंद के पिता एवं भाजपा नेता चंदन सिंह ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का अस्पताल पहुंचना उनके परिवार के लिए भावुक कर देने वाला क्षण था। उन्होंने कहा कि जब उनका बेटा जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है और पूरा परिवार कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में अलग राजनीतिक विचारधारा के वरिष्ठ नेता का अस्पताल पहुंचकर परिवार का हालचाल लेना और हौसला बढ़ाना उनके लिए बड़ी मानवीय संवेदना का परिचायक है।

चंदन सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मिले इस आत्मीय सहयोग को उनका परिवार जीवनभर याद रखेगा। उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर दिखाई गई इंसानियत समाज के लिए प्रेरणादायक है. इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों से मुलाकात कर घायल प्रत्यूष आनंद के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. चंदन सिंह ने ईश्वर से पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मनोज सिंह एवं मस्तान सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और समाज सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने की कामना करते हुए उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

