जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर जेम्को आज़ाद बस्ती स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को दर्शाते हुए आकर्षक पोस्टर तैयार किए और लोगों को कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने बच्चों के जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में शिक्षक राकेश कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह, बाल संसद की प्रधानमंत्री नंदिनी कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में सभी ने विद्यालय परिसर के साथ-साथ समाज को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

