जमशेदपुर : केरला पब्लिक स्कूल, गम्हरिया में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आईसीएसई एवं आईएससी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य वार्षिक पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, विद्यालय प्रार्थना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता पूर्वी घोष थीं। वे इंटरनेशनल लायंस क्लब (डिस्ट्रिक्ट 322 ए) की डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन हैं तथा रेड क्रॉस सोसायटी, पूर्वी सिंहभूम, थैलेसीमिया सोसायटी, बंगाल क्लब सहित 65 से अधिक सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं। समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यालय की अकादमिक निदेशक लक्ष्मी आर, प्राचार्या रश्मि सिन्हा, उप-प्राचार्या रश्मि ठाकुर, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में आईसीएसई तथा आईएससी के विद्यार्थी उपस्थित रहे. समारोह के दौरान प्राचार्या रश्मि सिन्हा ने विद्यालय की वार्षिक शैक्षणिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सत्र 2025-26 की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम एवं अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आईसीएसई एवं आईएससी बोर्ड परीक्षाओं में एक या अधिक विषयों में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, विभिन्न विषयों में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही इन विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, समर्पण एवं मार्गदर्शन के लिए ‘टोकन ऑफ एप्रिसिएशन’ से सम्मानित किया गया।




अपने प्रेरणादायी संबोधन में अकादमिक निदेशक लक्ष्मी आर. ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि पूर्वी घोष ने विद्यार्थियों की सफलता की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से विनम्रता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया. समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि पूर्वी घोष को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उप-प्राचार्या रश्मि ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

