जमशेदपुर एसएसपी के इनपुट पर सीकर पुलिस ने की कार्रवाई, ओडिशा से मैनेजर विजय कुमार भी दबोचा
लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी डीडी बार के मालिक सह भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटू धाम से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी और डीडी बार के मैनेजर विजय कुमार को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी जमशेदपुर पुलिस के इनपुट और स्थानीय पुलिस के सहयोग से हुई।

मोबाइल सर्विलांस से मिली सफलता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर रखा गया था। इसी दौरान नीरज सिंह की लोकेशन राजस्थान के खाटू धाम में मिली। इसके बाद जमशेदपुर के एसएसपी ने सीकर पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की। सूचना के आधार पर सीकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्तेदार के साथ खाटू धाम में था नीरज
बताया जा रहा है कि नीरज सिंह अपने एक रिश्तेदार के साथ खाटू धाम गया हुआ था। गिरफ्तारी के बाद जमशेदपुर पुलिस की टीम उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर शहर लाने के लिए सीकर रवाना हो गई है। वहीं, ओडिशा से गिरफ्तार मैनेजर विजय कुमार को रविवार देर शाम जमशेदपुर लाया गया।
फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही कोर्ट परिसर के बाहर भी पुलिस की विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि कोई आरोपी अचानक आत्मसमर्पण का प्रयास करे तो उसे तत्काल गिरफ्तार किया जा सके। इस अभियान में आदित्यपुर पुलिस समेत कई टीमों को लगाया गया है।
मुख्य आरोपी के परिजनों से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बाड़ा की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों के ठिकानों और गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की गई है। बिष्टुपुर थाना में सिटी एसपी, एसएसपी और डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने गिरफ्तार आरोपियों से घंटों पूछताछ कर फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
यह है पूरा मामला
गौरतलब है कि बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप अपराधियों ने बीच सड़क पर हिमांशु सिंह और प्रभ्यू आनंद पर चापड़ से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष आनंद का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है।
इस मामले में मृतक के पिता अरविंद सिंह के बयान पर 11 नामजद सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक पुलिस तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

