जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर दो युवकों पर हुए कातिलाना हमले के चर्चित मामले में आरोपी बनाए गए नीरज सिंह को मंगलवार सुबह राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया गया। मानगो एवं उलीडीह थाना प्रभारी की मौजूदगी में राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर थाना से आरोपी का हैंडओवर लिया गया। इसके बाद सड़क मार्ग से दिल्ली, फिर हवाई मार्ग से रांची और वहां से सड़क मार्ग के जरिए जमशेदपुर लाया गया। फिलहाल नीरज सिंह को एमजीएम थाना में रखा गया है, जहां उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में नीरज सिंह के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जांच के दौरान पता चला है कि घटना वाले दिन उसकी बातचीत कदमा निवासी अपराधी राहुल दुबे से हुई थी। पूछताछ में नीरज सिंह ने पुलिस को बताया कि राहुल दुबे अक्सर डीडी बार आता था और शराब में छूट दिलाने अथवा अपनी पसंद का गाना बजवाने के लिए फोन करता था। घटना वाले दिन भी उसी सिलसिले में बातचीत होने का दावा उसने किया है।
हालांकि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दिन राहुल दुबे की बातचीत मुख्य शूटर विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा से भी हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस का संदेह और गहरा गया है तथा अब कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कदमा निवासी राहुल दुबे पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के दिन नीरज सिंह, राहुल दुबे और मुख्य शूटर विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा के बीच आखिर किस विषय पर बातचीत हुई थी और क्या इस बातचीत का कातिलाना हमले से कोई सीधा संबंध था। मामले की जांच लगातार जारी है।

