सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। तमोलिया स्थित केला गोदाम के समीप हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन पर काना बाबू नामक युवक को गोली मारने का आरोप लगा है। हालांकि, गोली युवक के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कपाली ओपी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायल काना बाबू को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से उठ रहे सवाल…..
कपाली और जमशेदपुर से सटे क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में चर्चित डीडी बार हत्याकांड सहित कई गंभीर मामलों की जांच अभी पूरी भी नहीं हो सकी है, वहीं एक के बाद एक फायरिंग और हिंसक घटनाएं सामने आने से आम लोगों में असुरक्षा की भावना गहराने लगी है। हालांकि, इन घटनाओं के कारणों और पुलिस कार्रवाई का मूल्यांकन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
