जमशेदपुर : शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने गुरुवार देर रात करीब 11 बजे बागबेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्ती एवं अपराध नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्य सड़कों के साथ-साथ अंदरूनी गलियों में भी नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाया जाए, जहां असामाजिक तत्वों द्वारा अड्डेबाजी की जाती है। ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए पुलिस पदाधिकारियों को अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को थाना क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

