युवक ने लगाया मारपीट कर मंदिर में शादी कराने का आरोप, युवती ने बताया प्रेम संबंध, दहेज मांगने का भी लगा आरोप, मामला थाने पहुंचा
बाढ़ (BARH): बिहार के बाढ़ से कथित पकड़ौआ विवाह का एक मामला सामने आया है, जिसने दहेज प्रथा और जबरन विवाह को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। सिविल कोर्ट परिसर में युवक और युवती पक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल मामला पुलिस के पास पहुंच चुका है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय निवासी नीतीश कुमार का आरोप है कि वह सीता नाम की युवती को उसके घर छोड़ने गया था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे कथित तौर पर बंधक बना लिया, मारपीट की और अगले दिन मंदिर ले जाकर जबरन शादी करा दी। युवक का दावा है कि वह यह शादी नहीं करना चाहता था।
छोटी बहन से शादी की थी इच्छा, बड़ी बहन से करा दी शादी…..
युवक ने आरोप लगाया कि वह सीता की छोटी बहन से विवाह करना चाहता था, लेकिन परिजनों ने उसकी इच्छा के विरुद्ध सीता से शादी करा दी। उसका कहना है कि सीता पहले से शादीशुदा, तलाकशुदा और एक बच्चे की मां है। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवती उस पर लंबे समय से शादी का दबाव बना रही थी और इनकार करने पर आत्महत्या की धमकी देती थी।
युवती ने आरोपों को बताया बेबुनियाद…..
वहीं, सीता ने युवक के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उसका कहना है कि पिछले करीब दो महीने से दोनों के बीच फोन पर बातचीत हो रही थी और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए थे। सीता ने बताया कि वह एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है और वहीं से दोनों की जान-पहचान हुई थी।
कोर्ट मैरिज से किया इनकार, सिविल कोर्ट में हुआ हंगामा…..
बताया जा रहा है कि मंदिर में शादी के बाद दोनों पक्ष सिविल कोर्ट पहुंचे, जहां कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। इसी दौरान युवक ने कोर्ट मैरिज से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला थाने ले जाया गया।
दहेज मांगने का भी लगा आरोप…..
युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक पहले शादी के लिए तैयार था, लेकिन बाद में उसने 20 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। उनका कहना है कि दहेज नहीं मिलने पर युवक अब शादी से पीछे हट रहा है। दूसरी ओर युवक इन आरोपों को पूरी तरह गलत बता रहा है और खुद को जबरन शादी का शिकार बता रहा है।
पुलिस जांच के बाद ही होगा सच का खुलासा…….
फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला प्रेम प्रसंग, दहेज विवाद या कथित पकड़ौआ विवाह का है।

