जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडीडीओ बार के समीप 27 जून की रात हुए हिमांशु सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पूर्वी सिंहभूम पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में अब तक प्राथमिकी और अप्राथमिकी के कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी, जिससे आरोपियों पर पुलिस का दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी क्रम में मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान राहुल दुबे की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि इस बरामदगी से मामले की जांच को और मजबूती मिलेगी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, करीब 30 वर्षीय राहुल दुबे कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध कदमा थाना कांड संख्या 48/2025 सहित वर्ष 2021 में भी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है. एसएसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी में सहायक पुलिस अधीक्षक, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी स्तर के अधिकारी, बिष्टुपुर थाना की टीम तथा तकनीकी शाखा एवं छापेमारी दल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

