जमशेदपुर : शहर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के समीप शनिवार देर रात चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकानों के ताले तोड़कर नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है. रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो दुकानों के टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल मानगो थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

