जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने युद्धस्तर पर रोकथाम अभियान शुरू किया है। उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने एक प्रेस वार्ता के दौरान जिले में मलेरिया की वर्तमान स्थिति और किए जा रहे सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से बुखार को हल्के में न लेने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।

15 दिनों में 1 लाख से अधिक लोगों की हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 29 जून से 12 जुलाई 2026 के बीच जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में कुल 1,04,459 लोगों की मलेरिया जांच की गई।
- पॉजिटिव मामले: इस दौरान कुल 1,895 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए।
- संक्रमण का प्रकार: 1,491 मामले पी. फाल्सीपेरम (PF), 353 पी. विवैक्स (PV) और 51 मिश्रित (Mixed) संक्रमण के हैं।
- पॉजिटिविटी दर: जिले की औसत मलेरिया पॉजिटिविटी दर 1.96 प्रतिशत है।
प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
उपायुक्त ने बताया कि पोटका, डुमरिया, मुसाबनी और घाटशिला क्षेत्रों में सबसे अधिक पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। प्रशासन इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी, फोकस्ड सर्विलांस और इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (IRS) का कार्य तेजी से कर रहा है।
- पोटका: 24,657 जांच (667 पॉजिटिव)
- डुमरिया: 11,060 जांच (427 पॉजिटिव)
- मुसाबनी: 15,150 जांच (344 पॉजिटिव)
- घाटशिला: 12,121 जांच (212 पॉजिटिव)
वहीं, दूसरी ओर अर्बन मानगो में एक भी केस नहीं मिला है और अर्बन बिरसानगर में केवल 2 मामले सामने आए हैं।
मौतों की समीक्षा और प्रशासन की चेतावनी
मलेरिया से हुई 6 मौतों (4 सेरेब्रल मलेरिया और 2 मिश्रित संक्रमण) पर दुख व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक मृत्यु की चिकित्सकीय समीक्षा की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “बुखार को सामान्य न समझें”। समय पर जांच और उपचार से मलेरिया से होने वाली गंभीर जटिलताओं और मृत्यु को पूरी तरह रोका जा सकता है।
नागरिकों के लिए उपायुक्त की महत्वपूर्ण सलाह
प्रशासन ने लोगों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने का आग्रह किया है:
- तत्काल जांच: बुखार आने पर खुद से दवा न लें, तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराएं।
- साफ-सफाई: घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के प्रजनन स्थल नष्ट हो सकें।
- सुरक्षा: मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें।
- सहयोग: स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे सर्वे और स्प्रे (IRS) कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उपायुक्त ने मीडिया से भी आग्रह किया कि वे जन-जागरूकता फैलाने में प्रशासन का सहयोग करें ताकि सही जानकारी लोगों तक पहुँच सके और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
सोहन साह | संवाददाता, जमशेदपुर

