जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में 17 जून को हुए अपहरण एवं जानलेवा हमले का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि केस दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उनका मनोबल बढ़ा हुआ है. पीड़ित के अनुसार, 17 जून की रात कन्वाई चालक का पहले अपहरण किया गया। इसके बाद उसे स्कूटी से विभिन्न स्थानों पर घुमाया गया और चापड़, लोहे के पंच तथा बोल्डर से बेरहमी से हमला किया गया। इस हमले में उसकी एक आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज रिम्स में जारी है।

पीड़ित का आरोप है कि जानलेवा हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इसी क्रम में बीती मध्य रात्रि विवेक, आयुष समेत करीब 10 से अधिक युवक उसके घर पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा खड़े वाहन में भी तोड़फोड़ की. घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के बस्तीवासी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी अपनी एक स्कूटी घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में बस्तीवासियों ने उक्त स्कूटी पुलिस के हवाले कर दी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की सूचना कई बार दिए जाने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे कुछ पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पीड़ित पक्ष का यह भी दावा है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। उनका कहना है कि फुटेज पुलिस को सौंपा जाएगा।
बताया गया कि इस मामले में परसुडीह थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से आवेदन लेकर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है और जांच शुरू की है। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एसएसपी से शिकायत करने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है, जबकि सभी की निगाहें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

