रांची : राजधानी रांची में पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह दलादली टीओपी क्षेत्र के सपारोम से पांच वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही रांची एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बिहार के गया जिले में करीब 40 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की और बच्ची को सकुशल मुक्त कराया। मामले में मुख्य साजिशकर्ता रमेश कुमार मिश्रा सहित सचिन कुमार और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा मूल रूप से बिहार के गया का रहने वाला है और पिछले दो महीने से पीड़ित परिवार के घर के बगल में किराये के मकान में रह रहा था। इस दौरान उसने बच्ची की मां से परिचय बढ़ाया और विश्वास जीत लिया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब सात बजे मौका देखकर बच्ची का अपहरण कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए इस अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और SIT की लगातार छापेमारी के चलते बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

