जमशेदपुर : शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जुगसलाई थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री मामले में पिछले 13 महीनों से फरार चल रहे आरोपी मो. इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जुगसलाई फाटक के समीप से आरोपी को दबोचा। मो. इमरान के खिलाफ 27 फरवरी 2025 को जुगसलाई थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस कांड में पूर्व में पुलिस 143 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।



मो. इमरान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। वहीं, दो अन्य आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर इस केस में रिमांड पर लिया गया था। इस प्रकार अब तक कुल 17 आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मो. इमरान ही एकमात्र फरार आरोपी था, जिसकी गिरफ्तारी के साथ ही सभी आरोपियों की धरपकड़ पूरी हो गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है।
मानगो में भी कार्रवाई, युवक गिरफ्तार……
इधर, मानगो थाना पुलिस ने भी ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जवाहर नगर रोड नंबर 15 से शिबू कामिला को 18 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ दबोचा।
इस मामले में शिबू के अलावा विशाल पांडे और शिवा के खिलाफ भी मानगो थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस द्वारा की गई लगातार कार्रवाई से शहर में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।