कोलकाता : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जन सेवा संघ ट्रस्ट को “नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन कोलकाता के सोडपुर में साई वेलफेयर डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से किया गया। कार्यक्रम में पानिहाटी की विधायक रत्ना देवनाथ ने जन सेवा संघ ट्रस्ट को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा पशु सेवा में निरंतर योगदान के लिए सम्मानित किया। ट्रस्ट को यह सम्मान वर्षों से रक्तदान शिविरों के आयोजन, जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने तथा आवारा पशुओं की सेवा एवं देखभाल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए प्रदान किया गया।



इस अवसर पर रत्ना देवनाथ ने रक्तदान और पशु सेवा जैसे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से भी समाजहित के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।समारोह में जन सेवा संघ ट्रस्ट की ओर से सूरज कुमार और विशाल कुमार उपस्थित थे। दोनों ने सम्मान के लिए आयोजकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस सम्मान समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों और रक्तदाताओं को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।



