जमशेदपुर : एनएच-33 स्थित चौका थाना क्षेत्र के दुबराजपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। साकची से रांची एयरपोर्ट जा रही स्विफ्ट डिजायर का टायर अचानक फट गया, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में जा घुसी और सामने से आ रही बोलेरो से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।


इस भीषण हादसे में कार सवार साकची निवासी नवजोत सिंह उर्फ मंत्री (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एसडीओ संजीव पांडेय के बेटे आशीष पांडेय, मनदीप सिंह और दिशा वर्मा शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कार सवार तीनों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में जारी है।
वहीं, बोलेरो में सवार तिरुलडीह निवासी मो. इसराइल, उनकी पत्नी जुमरतन बीबी, दामाद फरीद और चालक इकबाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वे इलाज के सिलसिले में साकची आ रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का टायर फटते ही वाहन तेज रफ्तार में उछलते हुए डिवाइडर पार कर गया और सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच-33 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
