अनोखी कलाकृति और आकर्षक मां काली की प्रतिमा होगी विशेष आकर्षण, दो दिनों तक होगा महाप्रसाद वितरण
जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित जॉगर्स पार्क में श्री श्री काली पूजा समिति, नव युवक चेतना मंच की ओर से आगामी काली पूजा के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में पूजा पंडाल का भूमि पूजन रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पंडित राकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रों के बीच पूजा-अर्चना कर मां काली के सफल आयोजन की कामना की। वहीं, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी विधिवत पूजा-अर्चना कर मां काली की आराधना की. समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि नव युवक चेतना मंच की ओर से प्रत्येक वर्ष श्रद्धा, भक्ति और कलात्मकता के अनूठे संगम के साथ काली पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा पंडाल की भव्यता और विशिष्ट सजावट के कारण समिति ने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को एक अनूठी कलाकृति देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस बार पूजा पंडाल को गिटार के आकर्षक स्वरूप में तैयार किया जाएगा। अपनी अनूठी बनावट और भव्य सजावट के कारण यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही मां काली की प्रतिमा भी आकर्षक एवं अद्भुत स्वरूप में स्थापित की जाएगी. समिति के मुख्य संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए लगातार दो दिनों तक महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक श्रद्धालु मां का प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
### मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित होगा उद्घाटन समारोह……
इस वर्ष पूजा पंडाल का उद्घाटन भी विशेष पहल के साथ किया जाएगा। समिति की ओर से समाज में मातृशक्ति के सम्मान और सेवा भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूजा समिति के सदस्यों के परिवारों की महिलाओं के साथ वृद्धाश्रम की माताओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा। इन्हीं माताओं के हाथों पंडाल का उद्घाटन कराने की योजना है। इसके अतिरिक्त सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी।
समिति के सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सम्मान, सेवा, समरसता और मातृशक्ति के प्रति आदर का संदेश देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है. समिति की ओर से शहरवासियों एवं सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां काली के दर्शन करने और इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की गई है।
### ये लोग रहे मौजूद…..
भूमि पूजन के अवसर पर चंद्रकेत सिंह, उमेश प्रसाद, मनीष मिश्रा, दिलीप केशरी, शंभू सिंह, आनंद मिश्रा, बिनोद सिंह, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिथिलेश कुमार, दिलीप प्रमाणिक, मुकेश सिंह, अनिल चौरसिया, नीरज मिश्रा, सुनील सिंह यादव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिनोद कुमार, राजीव श्रीवास्तव, अशोक राय समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।


