नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर स्थित सदर छावनी इलाके में पुलिस ने ग्रेप्स स्पा एंड सैलून पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को मुक्त कराया और एक कर्मचारी को हिरासत में लिया। स्पा मालिक और मैनेजर की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे क्राइम ब्रांच के सामाजिक सुरक्षा विभाग और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के लिए पुलिस ने दो पंचों और एक डमी ग्राहक की मदद ली। पुलिस का आरोप है कि स्पा में अधिक कमाई का लालच देकर महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा था। ग्राहकों को प्रवेश देने के लिए कथित तौर पर एक विशेष कोडवर्ड का इस्तेमाल किया जाता था।
इस मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय हार्दिक नामक कर्मचारी को पकड़ा है। वहीं, स्पा मालिक गुंजन राजेश आसरे और मैनेजर अन्नु जमीर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित रैकेट में और कौन-कौन शामिल था तथा ग्राहकों को किस तरह बुलाया जाता था।


