जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह होम पाइप चौक के समीप सोमवार देर रात एल्यूमिनियम शीट से लदा एक टाटा प्राइमा ट्रक (एनएल-01सी-8160) अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक पर लदा एल्यूमिनियम शीट सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि, संयोगवश इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने सीतारामडेरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सड़क पर बिखरी एल्यूमिनियम शीट को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई, ताकि यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि दुर्घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी।
