रांची/जमशेदपुर : झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड, झारखंड द्वारा “प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल एंड एनिमल बर्थ कंट्रोल” विषय पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 21 से 23 जुलाई 2026 तक पशुपालन निदेशालय, हेसेग, रांची में किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम, आवारा पशुओं की जन्म दर नियंत्रण (एनिमल बर्थ कंट्रोल), माइक्रोचिपिंग, लाइसेंसिंग, पशु स्वामित्व तथा पशु कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी।

इस प्रशिक्षण में जमशेदपुर स्थित जन सेवा संघ ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ट्रस्ट की ओर से सूरज कुमार, प्रशांत सिन्हा एवं विशाल कुमार ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के समापन समारोह में राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड, झारखंड ने पशु कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जन सेवा संघ ट्रस्ट, जमशेदपुर को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार एवं राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी पशु संरक्षण, घायल एवं आवारा पशुओं के उपचार, बचाव तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करती रहेगी. गौरतलब है कि जन सेवा संघ ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में घायल और बेसहारा पशुओं के उपचार, रेस्क्यू तथा पशु कल्याण संबंधी जागरूकता अभियान चलाकर समाजसेवा का कार्य कर रहा है।
