जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गणेश पात्रो के रूप में हुई है। वहीं घायल निरिखल साहू का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश सड़क हादसे का शिकार हो गए। हालांकि दुर्घटना किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में हुई, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के तथ्यों की जांच कर रही है।

ब्रह्मानंद अस्पताल से TMH रेफर, नहीं बच सकी जान…..
हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए तत्काल ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। वहां गणेश पात्रो की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। लेकिन TMH पहुंचने के बाद जांच के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल किशोर के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर…..
हादसे में घायल निखिल साहू के एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उसका अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और लगातार निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और प्रशासन में बनी असमंजस की स्थिति…..
मृतक गणेश पात्रो के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। वहीं अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के बिना शव परिजनों को नहीं सौंपा जा सकता। इसे लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. फिलहाल कदमा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
