जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन से संबंधित कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं संबंधित कर्मचारियों से अभियान की वर्तमान स्थिति, घर-घर सर्वेक्षण और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र नए मतदाताओं के नाम शीघ्र मतदाता सूची में जोड़े जाएं। साथ ही मृत एवं स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा संशोधन संबंधी सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. नौशीन खान ने कहा कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, सटीक और विश्वसनीय बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, तो वे निर्धारित प्रपत्र भरकर समय रहते जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं. अध्यक्ष ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर अनियमितता या कोताही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि नौशीन खान पिछले कई दिनों से विभिन्न माध्यमों के जरिए जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील कर रही हैं। साथ ही लोगों से अपने नाम की मतदाता सूची में जांच कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते नामांकन एवं संशोधन कराने का आग्रह भी कर रही हैं।
