जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खासापुर के पास पुराना रखा माइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार एन्थोनी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने खासापुर निवासी जोगेन भकत (45 वर्ष), पिता- सुभाष भकत को मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के प्लास्टिक बैग से करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा, एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन तथा मोटरसाइकिल जब्त कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध जादूगोड़ा थाना कांड संख्या-31/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है. इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार एन्थोनी, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक अंसारी तथा रिजर्व गार्ड के जवान गजेंद्र उरांव और प्रवीण कुमार शामिल थे।

